केंद्रीय कश्मीर के बडगाम स्थित चडूरा में चल रहे मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक जिंदा आतंकी को एक47 रायफल के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस, सेना और सीआरपीएफ का संयुक्त ऑपरेशन भी पूरा हो गया है।
जम्मू कश्मीर के बडगाम में शुक्रवार को आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक दल पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी रुक गई है।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने चडूरा इलाके के हार्देपोरा में एक बगीचे से सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि इलाके को घेर कर आतंकवादियों की तलाश की जा रही थी, जो एक आतंकी की गिरफ्तारी के बाद पूरी हो गई है।
गुरुवार को सुंदरबनी सेक्टर में पाकिस्तानी गोलाबारी में जेसीओ घायल
राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर के माला क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में सेना का जेसीओ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर कमान अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार बुधवार, देर रात पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए सेना की चौकी को निशाने बनाते हुए गोलाबारी की। इसमें सेना की 17 मद्रास रेजिमेंट के जेसीओ राज पल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए।
उसे वहां से सीमा पर सेना के प्राथमिक उपचार केंद्र में लाया गया, लेकिन हालत नाजुक देखते हुए देर रात हवाई मार्ग से उपचार के लिए कमान अस्पताल उधमपुर ले जाया गया। पाकिस्तानी गोलाबारी का सेना के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। रात भर दोनों ओर से रुक-रुक कर छोटे तथा बड़े हथियारों से गोलाबारी होती रही। संवाद
पाकिस्तान ने आईबी पर रात भर बरसाए गोले, बीएसएफ ने दिया मुंहतोड़ जवाब
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर पाकिस्तान संघर्ष विराम के उल्लंघन से बाज नहीं आ रहा। बुधवार रात भर भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने हीरानगर में करीब तीन घंटे रुक-रुक कर गोलाबारी की। इसका बीएसएफ के जवानों ने भी मुंह तोड़ जवाब दिया।
पाकिस्तानी सेना ने जगुवाल व बिक्के चक पोस्ट से रात दो बजे गोलाबारी शुरू की जो सुबह पांच बजे तक जारी रही। इस दौरान बीएसएफ की मनियारी व सतपाल पोस्ट को निशाना बनाया गया। हालांकि, इसमें किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के कार्य को बाधित करने के लिए पाकिस्तान लगातार गोलाबारी कर रहा है।