उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के मलवाह में आतंकियों के साथ जारी मुठभेड़ में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने एक और दहशतगर्द को मार गिराया। साथ ही उस मकान को भी विस्फोट से उड़ा दिया जिसमें आतंकी छिपे थे। करीब 36 घंटे चली इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-ताइबा के कमांडर समेत 4 आतंकी मारे गए हैं।
सुरक्षाबलों को केवल तीन ही आतंकियों यूसुफ कांटरू, हिलाल शेख एवं फैसल शेख के शव मिले हैं। चौथे आतंकी का शव अभी बरामद नहीं हुआ है। सुरक्षाबल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं। मकान के मलबे की भी सफाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को वीरवार को जानकारी मिली थी कि बारामुला जिले के मलवाह इलाके में करीब 5 आतंकियों का एक ग्रुप छुपा हुआ है जिसमें तीन स्थानीय और दो पाकिस्तानी आतंकी शामिल है। इस सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक मकान में छुपे आतंकियों ने फायरिंग कर दी जिसमें सेना के तीन जवान घायल हो गए।
सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में लश्कर कमांडर यूसुफ कांटरू के साथ एक और आतंकी को मार गिराया। वीरवार रात को तीसरा आतंकी भी मारा गया। शुक्रवार सुबह कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर चौथे आतंकी के मारे जाने जानकारी दी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे के बाद इलाके में फायरिंग रुक गई। इस बीच सुबह उस मकान को विस्फोट से उड़ा दिया गया जिसमें आतंकी छुपे हुए थे।