जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में सेना और आतंकियों के बीच बुधवार को शुरू हुई मुठभेड़ खत्म होने के बाद लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। शुक्रवार को सेना के जवानों को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक आतंकवादी का शव बरामद हुआ है। सेना के जवानों को इस आतंकी के पास से एक एके-47 राइफल बरामद हुई है।
जानकारी के मुताबिक सेना और आतंकियों के बीच 40 घंटे से ज्यादा समय तक चली इस मुठभेड़ के दौरान 5 घरों को नुकसान हुआ है। मुठभेड़ के दौरान क्षतिग्रस्त होने वाले इन घरों में एक घर पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो चुका है। मुठभेड़ के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा शुरू हुए हिंसक प्रदर्शन लगातार जारी हैं।
सूत्रों के मुताबिक मारे गए एक आतंकी के शव को बरामद कर लिया गया है जबकि कयास लगाए जा रहे हैं कि अन्य आतंकियों के शव मलबे के बीच में दबे हो सकते हैं। सेना के जवानों ने मुठभेड़ के बाद से ही पूरे इलाके को घेर रखा है जिसके बाद से पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।