सोमवार को कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी के मारे जाने की सूचना है। इनमें लश्कर का टॉप कमांडर आतंकी लतीफ भट भी शामिल है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है।
कुलगाम जिले में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले के बाद सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है। बुधवार को जम्मू और कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ नाका पर आतंकवादी हमला हुआ था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
पोस्टर चस्पा होने के तीन दिन बाद आतंकी हमला
कश्मीर में वांछित आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई के बीच पोस्टर चस्पा होने के महज तीन दिन बाद कुलगाम में आतंकी हमला हुआ। श्रीनगर के लाल चौक समेत प्रमुख स्थानों पर रविवार को लश्कर-ए-ताइबा के स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट समेत चार वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए गए थे। बुधवार को कुलगाम के अखरन में सुरक्षाबलों के नाके पर हुई गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।
रविवार को प्रताप पार्क, लाल चौक और श्रीनगर के अन्य प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों में कुलगाम के ख्रेवान चद्दर निवासी मोहम्मद लतीफ भट के अलावा सोपोर के बिलाल अहमद मीर, मोहम्मद उमर मीर और बारामुला के आबिद कयूम लोन की तस्वीरें और पते सार्वजनिक किए गए थे। इसके तीन दिन बाद बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे मीर बाजार के पास अखरन (नौपोरा) में नाके पर आतंकियों ने गोलीबारी की। हमलावरों ने फेरन के भीतर हथियार छिपा रखे थे। जवानों की जवाबी कार्रवाई के बाद वे फरार हो गए।