वहीं, सुफैन के निकटवर्ती द्रब्बड़ इलाके में रविवार देर शाम तीन संदिग्ध आतंकी देखे जाने की सूचना के बाद रात को भी इलाके में घेराबंदी रही। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेरकर आतंकियों के निकलने के सभी रास्ते सील कर दिए हैं। जंगल में भटक रहे आतंकियों के सफाए के लिए भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। सोमवार को इलाके में दिनभर सर्च ऑपरेशन जारी रहा। उधर, सुफैन के अंबे नाल में मुठभेड़ के बाद से ही सुरक्षाबल ओवरग्राउंड वर्करों की तलाश में जुटे हुए हैं। सोमवार तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों से संयुक्त पूछताछ केंद्र में पूछताछ की गई। आतंकियों को देखने या फिर मदद पहुंचाने के संबंध में भी जांच चल रही है। सुफैन से सटे अंबे नाल में ओवर ग्राउंड वर्कर हाजी के परिवार से पूछताछ के बाद अब बिलावर के धरालता इलाके से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
तीन संदिग्ध पानी मांगने के बहाने घुसे रसोई में, खोजने लगे रोटी
जम्मू के द्रब्बड़ क्षेत्र में रविवार रात एक चिंताजनक घटना सामने आई, जब तीन संदिग्ध व्यक्तियों ने एक घर में घुसकर अजीबोगरीब हरकत की। घटना के बाद से परिवार के सदस्य दहशत में हैं और उन्होंने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पीड़ित परिवार की एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि तीनों संदिग्धों ने सबसे पहले पानी पिलाने का बहाना बनाया। पानी मांगने के बाद वे अचानक रसोई में घुस गए। जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा, तो वे रोटी ढूंढ रहे थे।
महिला ने विस्तार से बताया, एक संदिग्ध सब्जी की तरफ देख रहा था, जबकि दूसरा रोटी ढूंढ रहा था। उन्हें मुश्किल से दिन की बची हुई दो रोटियां मिलीं। मैंने उन्हें बताया कि अभी आटा तैयार हो रहा है और रोटियां नहीं पकी हैं। इसके बाद दो संदिग्ध रसोई में ही रुके रहे, जबकि तीसरा व्यक्ति बाहर निकलकर अन्य कमरों में झांकने लगा और परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ करने लगा।
संबंधित वीडियो
महिला ने आगे बताया कि संदिग्धों ने रसोई की शेल्फ पर 500-500 रुपये के दो नोट रख दिए। हालांकि, महिला ने साहस दिखाते हुए उन नोटों को वापस उनके हाथ में थमा दिया और लेने से मना कर दिया। संदिग्धों ने महिला से उसका नाम भी पूछा, लेकिन उसने नाम बताने से इनकार कर दिया। कुछ देर बाद, तीनों व्यक्ति बिना कुछ कहे उसी रास्ते से वापस चले गए, जिस रास्ते से वे आए थे जंगल की ओर।