दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के अच्छाबल इलाके में सोमवार को मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। ऑपरेशन के दौरान सेना के एक मेजर शहीद हो गए, जबकि एक अन्य मेजर और दो जवान घायल हो गए। घायल मेजर की हालत गंभीर बताई गई है। शहीद मेजर केतन शर्मा का घर उत्तर प्रदेश में मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के श्रद्धापुरी फेस-2 में है। मारे गए आतंकी से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है।
अच्छाबल के बिडूरा गांव में रविवार देर रात सुरक्षा बलों को दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर सेना की 19 राष्ट्रीय राइफ ल्स (आरआर), सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवानों द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। सोमवार तड़के मुठभेड़ शुरू हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक आतंकी का शव बरामद किया गया, जिसके पास से हथियार और गोला बारूद मिले। सेना के दो मेजर सहित चार जवान घायल हुए थे। उन्हें सेना के 92 बेस अस्पताल रेफ र किया गया। इनमें मेजर केतन शर्मा को बचाया नहीं जा सका। पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकी की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त तथा संगठन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
मुठभेड़ शुरू होते ही भड़की हिंसा, मोबाइल इंटरनेट ठप
मुठभेड़ के शुरू होते ही इलाके में हिंसा भड़क उठी। स्थानीय युवाओं ने सड़क पर उतरकर जमकर पत्थरबाजी की। इस बीच भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा आंसू गैस के गोले दागे गए। काफ ी देर तक इलाके में भिड़ंत जारी रही। इस बीच जिले में मोबाइल इंटरनेट सुविधा भी ठप कर दी गई।