उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टंगधार सेक्टर में घुसपैठ के दौरान सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इलाके में संदिग्ध हरकत देखने के बाद सेना ने कासो चलाया था। मुठभेड़ से पहले सीमा पार से पाक रेंजरों ने आतंकी घुसपैठ कराने के लिए सीजफायर का उल्लंघन भी किया।
जानकारी के अनुसार टंगधार सेक्टर में एलओसी से सटे इलाके में स्थित सेना की ईगल पोस्ट के करीब शनिवार को सेना की 20 जाट के जवानों ने संदिग्ध हरकत देखी। उन्होंने पाया कि आतंकियों का दल घुसपैठ कर ईगल पोस्ट के करीब पहुंचा हुआ है। सेना के जवानों ने आतंकियों को ललकारा। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार के कोई नुकसान की खबर नहीं है और मुठभेड़ जारी है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ से पूर्व करीब पौने दो बजे एलओसी के उस पार स्थित जियारत पोस्ट से पाकिस्तानी सेना की 643 मुजाहिदीन बटालियन द्वारा भारतीय सेना की ब्लॉक पोस्ट को निशाना बनाया गया। छोटे हथियारों से करीब 20 मिनट तक फायरिंग की गई, लेकिन इस तरफ से कोई भी जवाबी कार्रवाई नहीं की गई।
माना जा रहा है कि 21 जाट के इलाके में स्थित ब्लॉक पोस्ट के करीब फायरिंग कर पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठ कर रहे आतंकियों को कवर फायर दिया। जोकि इस पार दाखिल होने में कामयाब रहे, लेकिन ईगल पोस्ट के करीब उनका टकराव सेना की 20 जाट के मुस्तैद जवानों के साथ हुआ। इस बीच सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया है और बड़े पैमाने पर आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा है।