दोमाना- जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेशनल हाईवे इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड ( एनएचआईडीसीएल ) की टीम ने अतिक्रमण हटाया। इस दौरान एसडीपीओ दोमाना और काना चक थाना प्रभारी के साथ-साथ पुलिस का दस्ता मौजूद रहा। नायब तहसीलदार मिश्रीवाला भी उपस्थित रहे।
एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों ने बुधवार दोपहर को मिश्रीवाला में पीला पंजा चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान 10 से 12 दुकानों के शेड और उनके शटर तोड़े गए। कई दुकानों की छतें भी गिराई गईं। नायब तहसीलदार मिश्रीवाला ने बताया कि लोगों की ओर से सड़क के अंतर्गत आती जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था जिसे लेकर एनएचआईडीसीएल द्वारा लोगों का काफी पहले नोटिस दिया गया था लेकिन लोगों ने बात नहीं मानी। अब अतिक्रमण हटाने को मजबूर होना पड़ा। यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी। किसी को भी अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। वहीं अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि दो साल में जो सड़क बननी थी, वे चार वर्षों में भी नहीं बन पाई। इसे लेकर न तो सरकार कुछ कर रही है और न ही एनएचआईडीसीएल। इन्हें अतिक्रमण अभियान चलाने की तो याद आ जाती है लेकिन सड़क की हालत सुधरने की याद नहीं आती। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिस वजह से रोजाना हादसे हो रहे हैं।