पेयजल आपूर्ति के लिए मंगवाने पड़े टैंकर, दुकानों में इलेक्ट्रॉनिक मापतोल मशीनें ठप, सामान बेचने में परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में बिजली के मरम्मत कार्य के लिए रविवार को सप्लाई बंद रखी गई। इससे लोगों को आठ से दस घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में सुबह आठ बजे गुल हुई बिजली शाम पांच बजे तक बहाल हो पाई। इससे नलों में पानी भी नहीं टपका। लोगों को पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर मंगवाने पड़े। वहीं दुकानों पर इलेक्ट्रॉनिक मापतोल मशीनें भी ठप रहीं, जिससे सामान बेचने में दुकानों को परेशानी हुई।
शहर के गंग्याल, गांधीनगर, शास्त्री नगर, नरवाल, त्रिकुटा इलाके में सुबह साढ़े आठ बजे बिजली बंद की गई, जो तीन बजे बाद बहाल हुई। इसी तरह रेशमघर काॅलोनी, बख्शी नगर, परेड, पुराने शहर में बिजली सुबह नौ बजे गुल हुई और शाम पांच बजे बहाल हुई। पलौड़ा, रूपनगर और आसपास इलाकों में भी लोगों को बिजली कटौती से परेशान होना पड़ा। बिजली निगम के अनुसार मरम्मत कार्य के लिए सप्लाई बंद रखी गई है। इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी।