रियासत में बिजली विभाग के 48000 ट्रांसफार्मरों और कुल मिलाकर 7000 करोड़ के करीब के बिजली ढांचे की मरम्मत के लिए विभाग के पास धन का अभाव समस्या पैदा कर रहा है। सालाना बिजली विभाग को ढांचे की मरम्मत और रखरखाव के लिए करीब 210 करोड़ की दरकार है, लेकिन विभाग के पास 41 करोड़ का फंड ही उपलब्ध है।
अप्रैल महीने में खराब मौसम के चलते तापमान में गिरावट से अभी चाहे ढांचे पर ओवरलोड ज्यादा नहीं है, लेकिन गर्मी शुरू होने के साथ ही ढांचे पर ओवरलोड बढ़ने पर असली समस्या शुरू होगी। रियासत में पहले से ही बिजली की मांग और उपलब्धता में अंतर करीब 1000 मेगावाट से ज्यादा का है।
गर्मियों में इसमें और बढ़ोतरी हो जाती हैं और ढांचे पर ओवरलोड पड़ने पर हालात बदतर हो जाते हैं। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूरी रियासत में विभाग का करीब 7000 करोड़ का ढांचा हैं।
इसमें 48000 के करीब बिजली ट्रांसफार्मर हैं। विभाग को कुल ढांचागत संपत्ति का तीन फीसदी मरम्मत और रखरखाव के लिए चाहिए। 210 करोड़ की राशि की जरूरत है, जबकि विभाग के पास केवल 41 करोड़ की राशि ही उपलब्ध है।