सीमा पर तनावपूर्ण हालात और घुसपैठ की बढ़ती आशंकाओं के बावजूद राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में कोई खलल नहीं पड़ने दी जाएगी। इसके लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। कठुआ में सरदार पृथीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल और जिला पुलिस लाइन में नवनिर्मित इमारतों का उद्घाटन करने पहुंचे राज्य पुलिस महानिदेशक के राजेंद्रा ने यह बातें कहीं।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से डीजीपी ने कहा कि घाटी में आतंकी वारदातें हों या फिर जम्मू सूबे में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगातार हो रही सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने आपसी समन्वय से सुरक्षा इंतजाम कड़े किए हैं।
विधानसभा चुनाव के दौरान यह इंतजाम और कड़े कर दिए जाएंगे। उन्होंने संसदीय चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि चुनौतियों के बावजूद चुनाव शांतिपूर्वक करवाए गए। विधानसभा चुनाव में भी इसी तर्ज पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।