रामबन। जिला रामबन में डीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव को उचित सदस्यों के हाजिर नहीं होने पर स्थगित कर दिया गया है। नेकां के छह और कांग्रेस के दो सदस्य ही बैठक में मौजूद रहे, जबकि भाजपा के तीन सहित तीन निर्दलीय नदारद रहे। इस कारण कोरम पूरा नहीं होने से चुनाव मतदान को स्थगित कर दिया गया।
सनद रहे कि डीडीसी चुनाव में नेकां ने छह, भाजपा ने तीन, कांग्रेस ने दो और तीन सीटों पर निर्दलयों ने कब्जा जमाया है। बहुमत पूरा होने के बावजूद कोरम में कम संख्य के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया है। अब जल्द ही जिला प्रशासन अधिसूचना जारी करेगा, जिसके बाद चुनाव होंगे। जिला चुनाव अधिकारी रामबन मसरत इस्लाम ने इसकी पुष्टि की है। नेकां के जिला अध्यक्ष रामबन सज्जाद शाहीन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्षदों को धमकाने और खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि डीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनाने के लिए पर्याप्त संख्या को पूरा करने पर विचार किया जा रहा है। अगली अधिसूचना के बाद चुनाव में भाग लेंगे और विश्वास है कि अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बना लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने नेकां जिला अध्यक्ष के आरोप को निराधार बताया है।