उधमपुर। 10 फरवरी को होने वाले देविका अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड उधमपुर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चुनाव के लिए कुल 8 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव की प्रक्रिया 25 जवनरी को पंजीकरण फार्म देने के साथ शुरू की गई। इसमें कुल 13 सदस्यों ने नाॅमिनेशन फार्म लिए थे लेकिन इनमें से केवल 11 उम्मीदवारों ने अपने फार्म जमा करवाए। जांच में दो का पंजीकरण रद्द हो गया, जबकि एक उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब बचे आठ उम्मीदवारों में फकीर चंद सलारिया, कमल किशोर गुप्ता, मोहन लाल सोत्रा, नीरज गुप्ता, रतन पाॅल शर्मा, उमेश महाजन, विपिन अबरोल और एक महिला उम्मीदवार सीमा शर्मा शामिल हैं।
वहीं चुनाव के लिए नियुक्त किए गए रिटर्निंग आफिसर सह तहसीलदार उधमपुर जय सिंह ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया 25 जनवरी को पंजीकरण फार्म देने के साथ शुरू की गई है। 10 फरवरी को चुनाव होंगे। इसके लिए तीन पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें पहला उधमपुर के रिवायत हाल, दूसरा टाउन हाल रामनगर और तीसरा सीएफसी सेंटर चिनैनी में बनाया जाएगा। पहली फरवरी को तीन बजे से पहले नाॅमिनेशन वापस लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। वहीं इसी दिन पहली फरवरी को ही शाम 4 बजे उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी की गई है। चुनाव की सभी तैयारियां पूरी की गई हैं और सभी नियमों के अनुरूप और पूरी निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराएं जाएंगे।