डोडा। डोडा में डीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने बाजी मारी है। भद्रवाह वेस्ट से भाजपा प्रत्याशी धनंतर सिंह ने कांग्रेस के नदीम शरीफ को चार और उपाध्यक्ष के लिए संगीता भगत ने निर्दलीय प्रत्याशी मेहराजदीन को दो मतों से शिकस्त देकर कुर्सी पर कब्जा जमाया है।
सोमवार को चुनाव प्रक्रिया डीसी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के दो उम्मीदवार भाजपा के धनंतर सिंह और कांग्रेस के नदीम शरीफ मैदान में थे। इसमें भाजपा प्रत्याशी ने 14 में से नौ और कांग्रेस के नदीम शरीफ के पक्ष में मात्र पांच वोट पड़े। इस प्रकार भाजपा के धनंतर सिंह ने जीत हासिल की। दूसरी ओर उपाध्यक्ष के लिए भाजपा की भाजपा सीट से डीडीसी सदस्य संगीता भगत और निर्दलीय मेहराजदीन मैदान में थे। चुनाव में संगीता भगत को आठ और निर्दलीय के पक्ष में छह वोट पड़े।
सनद रहे कि डीडीसी चुनाव में भाजपा ने आठ, कांग्रेस ने चार, नेकां ने एक और एक निर्दलीय ने जीत हासिल की थी। भाजपा आठ सीटें जीत कर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। उधर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा कर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है।
इस अवसर पर डोडा से पूर्व विधायक एवं जम्मू-कश्मीर भाजपा यूटी उप प्रधान शक्ति राज परिहार, भद्रवाह से पूर्व विधायक दिलीप सिंह परिहार सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष धनंतर सिंह ने कहा कि विकास के मुद्दे पर चुनाव जीता है और उसी को लेकर आगे चलेंगे। जिले के विकास के लिए कार्य करेंगे। बिना भेदभाव के विकास करवाना प्राथमिकता रहेगी।