जम्मू। सरकारी आदेश जारी होने के बाद भी जम्मू जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में मंगलवार को विद्यार्थी नहीं पहुंचे। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि अभिभावकों की सहमति और वैक्सीनेशन या कोविड निगेटिव रिपोर्ट पर छात्रों को स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा। लेकिन 50 फीसदी क्षमता के साथ स्कूलों में छात्र आ सकेंगे। लेकिन अध्यापकों को छोड़कर स्कूलों में एक भी छात्र मंगलवार को नहीं आया। जम्मू-कश्मीर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रमुख सचिव अजय गुप्ता ने बताया कि स्कूल खोलने का आदेश मिला है। लेकिन अध्यापक अभी भी असमंजस में हैं। आदेश में बताया गया है कि 18 से ऊपर आयु वर्ग के छात्रों से टीकाकरण रिपोर्ट ली जाएगी। अजय गुप्ता ने बताया कि स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र 18 से नीचे आयु वर्ग के होते हैं। सभी के पास टीकाकरण और कोविड टेस्ट की रिपोर्ट नहीं है। इतने छात्रों के कोविड टेस्ट कैसे करवाने हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि ईवन-ऑड कक्षाओं का प्रावधान रखा जाए। इससे सामाजिक दूरी आदि प्रोटोकॉल का पालन हो सकेगा।
स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू रवि शर्मा का कहना है कि दस सितंबर तक स्कूल खोलने की तैयारी है।