बिश्नाह। बिश्नाह शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बैक टू स्कूल के तहत बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें विद्यालय की प्राचार्या रेखा रानी, उप प्राचार्य प्रेमपाल नंदा, व्याख्याता अमृतपाल सिंह, हरीश शर्मा, बिश्नाह नगर अध्यक्ष राजन शर्मा, बिश्नाह नगर पालिका उपाध्यक्ष रमेश लाल, पार्षद बलबीर कुमार व पार्षद कुलवीर सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर क्षेत्र के लोगों से अपने बच्चों का कक्षा नौ व 12वीं में शासकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश दिलाने की अपील की।
बैठक के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए चेयरमैन राजन शर्मा ने कहा कि स्कूल की ओर से बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है। बच्चों के मानसिक विकास के साथ खेल आयोजनों के माध्यम से उनका शारीरिक विकास भी होता है। उन्होंने स्कूल स्टॉफ की सराहना की और कहा कि स्टॉफ बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने कुछ समस्याएं बताईं हैं, जिसके तहत जगह की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए उन्होंने डिग्री कॉलेज को यहां से स्थानांतरित करने की अपील की। जिस पर अध्यक्ष राजन शर्मा ने उन्हें आश्वासन दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के बाद शहर के अन्य गणमान्य व्यक्तियों से इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और स्थायी समाधान निकाला जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि कुछ नशाखोर कॉलेज के पार्क की दीवार पर चढ़कर नशा करते हैं। उन्हें चेतावनी दी जाए या उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पर अध्यक्ष राजन शर्मा ने प्रधानाचार्य को आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर बिश्नाह थाना प्रभारी से चर्चा की जाएगी। वहीं बीएमसी अध्यक्ष राजन शर्मा ने प्रधानाचार्य को आश्वासन दिया कि उनकी बताई सभी समस्याओं का यथाशीघ्र स्थायी समाधान किया जाएगा।