- 28 फरवरी तक जमा करवा सकते हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। घगवाल में स्थित श्री नृसिंह देव संस्कृत गुरुकुल और चूड़ामणि संस्कृत संस्थान बसोहली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदन पत्र 26 जनवरी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी निर्धारित की गई है।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार बसोहली स्थित चूड़ामणि संस्कृत संस्थान में 11 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें सांबा जिले को छोड़कर अन्य क्षेत्रों के छात्र आवेदन कर सकते हैं। श्री नृसिंह देव संस्कृत गुरुकुल घगवाल में 27 सीटें निर्धारित की गई हैं जो केवल सांबा जिले के स्थानीय छात्रों के लिए हैं।
प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में होगी। पहले चरण में आवेदन, दूसरे चरण में कक्षा पांच के स्तर की लिखित परीक्षा (हिंदी, अंग्रेजी, गणित व सामान्य ज्ञान), तीसरे चरण में मौखिक परीक्षा तथा चौथे चरण में अभिभावक साक्षात्कार होंगे। लिखित परीक्षा 15 मार्च 2026 को चयनित केंद्रों में होगी। मौखिक परीक्षा व अभिभावक साक्षात्कार 21 मार्च को बसोहली तथा 22 मार्च को घगवाल में संपन्न होंगे। चयन सूची 25 मार्च को जारी की जाएगी। 30 मार्च को मेडिकल टेस्ट होगा। अप्रैल के पहले सप्ताह से नए सत्र की रिपोर्टिंग कराई जाएगी। संस्थान में वेद, व्याकरण, साहित्य, ज्योतिष, दर्शन एवं धर्मशास्त्र के साथ-साथ हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, संगीत व चित्रकला जैसे आधुनिक विषय भी पढ़ाए जाते हैं। शिक्षा, छात्रावास और भोजन व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क है। प्रवेश के बाद छात्रावास में रहना अनिवार्य रहेगा। प्रवेश के लिए जन्म प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकसूची, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, फोटो व स्वास्थ्य प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए अभिभावक संस्थान कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या संस्थान के ई-मेल पते पर आवेदन भेज सकते हैं।