प्रोविजनल मेरिट सूची में 410 रैंक तक आने वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे इसमें
जेकेबीओपीईई के जम्मू व श्रीनगर कार्यालय में होगी यह ऑफलाइन काउंसिलिंग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के सरकारी कॉलेजों/संस्थानों में खाली रह गई बीएड की सीटों के लिए दूसरे दौर की काउंसिलिंग 10 अक्तूबर को होगी। यह काउंसिलिंग ऑफलाइन होगी। इस दौर में प्रोविजनल मेरिट सूची में 410 रैंक तक जगह बनाने वाले अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। इसमें आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवार भी शामिल हैं।
जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जाम यानी जेकेबीओपीईई के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरविंदर राज वर्मा के अनुसार अभ्यर्थियों के संबंधित कॉलेज में प्रवेश न लेने या प्रवेश लेकर सीट छोड़ देने की वजह से ये सीटें खाली हुई हैं। इसी विशेष राउंड के जरिए सीटों का अपग्रेडेशन भी किया जाएगा।
यह ऑफलाइन काउंसिलिंग सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 10 बजे के बीच बोर्ड के जम्मू और श्रीनगर कार्यालय में होगी। इस काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेज/प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। इनमें उनका निवास प्रमाण पत्र, योग्यता प्रमाण-पत्र, अंक पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र आदि शामिल हैं।
बोर्ड की ओर से यह भी कहा गरा है कि अगर कोई अभ्यर्थी किसी अपरिहार्य वजह से काउंसलिंग के निर्धारित दिन व्यक्तिगत रूप से भाग नहीं ले सकता तो वह अपने परिवार के किसी नजदीकी सदस्य को, जो बोर्ड की ओर से तैयार किए गए प्रारूप के अनुसार उसका रक्त संबंधी हो, अपनी ओर से काउंसलिंग में भाग लेने के लिए अधिकृत कर सकता है। संबंधित अधिकृत व्यक्ति को काउंसलिंग प्रक्रिया के दौरान अपने पहचान पत्र और आधार कार्ड के साथ ही आवश्यक अनुमति पत्र जमा करना होगा। काउंसिलिंग में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थी को एक हजार रुपये बतौर फीस चुकानी होगी। यह भुगतान ऑनलाइन होगा।