जेकेपीएससी ने परीक्षा के लिए जम्मू और श्रीनगर दोनों जगह बनाए थे केंद्र
कुल 3801 परीक्षार्थियों ने किया था इस परीक्षा के लिए आवेदन
लद्दाख के परीक्षार्थियों के लिए किया गया था विशेष प्रबंध
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सब-ऑर्डिनेट सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की भर्ती के लिए हुई परीक्षा में रविवार को कुल 2986 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। इस परीक्षा के लिए जम्मू और श्रीनगर दोनों जगह मिलाकर कुल नौ केंद्र बनाए गए थे। जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग (जेकेपीएससी) के परीक्षा नियंत्रक सचिन जम्वाल ने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 3801 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था।
इस परीक्षा के लिए लद्दाख के आवेदकों के लिए विशेष प्रबंध किया गया था। लेह में हिंसक प्रदर्शन के बाद लगाए गए कफर्यू की वजह से पाबंदियों को देखते हुए उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए श्रीनगर या जम्मू में यात्रा की इजाजत दी गई थी। इसके लिए उनके एडमिट कार्ड को कफर्यू पास के बतौर इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई थी। इसके अतिरिक्त लेह और कारगिल के जिला मजिस्ट्रेट के दूरभाष नंबर भी उनकी सहायता के लिए मुहैया कराए गए थे। एडीएम और एडीसी से भी परीक्षार्थियों को हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए थे।