अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) जम्मू ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दाखिला और पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
11 से 13 जुलाई तक चलने वाली प्रक्रिया के तहत पीएचडी, कार्यरत पेशेवरों के लिए पीएचडी, सामान्य एमबीए, स्वास्थ्य सेवा एमबीए और कार्यकारी एमबीए के नए छात्र संस्थान में पहुंच रहे हैं। संस्थान ने छात्रों और उनके परिजनों के स्वागत के लिए खास इंतजाम किए हैं।
जम्मू रेलवे स्टेशन और हवाई अड्डे से लाने के लिए वाहन सुविधा दी गई है, वहीं कैंपस में ई-गाड़ी, बस और कैब से आवाजाही आसान बनाई गई है। पंजीकरण और दस्तावेज जांच की पूरी प्रक्रिया कैंटीन में की जा रही है, जहां नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था भी है।
दाखिले के पहले दिन छात्रों और उनके माता-पिता की निदेशक और वरिष्ठ शिक्षकों से सीधी बातचीत कराई गई, जिससे उन्हें अपनापन और भरोसा महसूस हो।
निदेशक प्रोफेसर बीएस सहाय ने कहा कि आईआईएम जम्मू में शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि एक समग्र अनुभव है। संस्थान चाहता है कि छात्र पहले दिन से खुद को सुरक्षित और प्रेरित महसूस करें।