- तीन महीने के दो सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करेगा सेंटर फॉर वुमेंस स्टडीज
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। महिलाओं से जुड़े सामाजिक मुद्दों और उनके अधिकारों को समझने के इच्छुक युवाओं के लिए जम्मू विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर वुमेंस स्टडीज ने दो सर्टिफिकेट कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन मांगे हैं। तीन महीने की अवधि वाले ये कोर्स जेंडर इश्यूज और वुमेन एंड लॉ विषयों पर आधारित हैं। विवि की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जेंडर इश्यूज कोर्स में 12वीं पास किसी भी स्ट्रीम के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि वुमेन एंड लॉ कोर्स के लिए किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। दोनों कोर्सों में 30-30 सीटें रखी गई हैं। कोर्स की अवधि तीन महीने होगी और कक्षाएं ऑनलाइन तथा ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से संचालित की जाएंगी। आवेदन फॉर्म विवि की वेबसाइट और सेंटर फॉर वुमेंस स्टडीज के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन शुल्क 120 रुपये रखा गया है, जबकि चयनित अभ्यर्थियों को 2,640 रुपये प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।