- स्कूल शिक्षा बोर्ड से उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी मुहैया कराने की मांग
- विद्यार्थी दो जुलाई तक पुनर्मूल्यांकन के लिए कर सकते हैं आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू संभाग के 300 से अधिक विद्यार्थी अपने 12वीं कक्षा के परिणाम से खुश नहीं है। इन छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के साथ अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया है। छह जून को जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का परिणाम जारी किया था, जिसमें 74 फीसदी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे हैं।
इस बार 93340 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दी थी, जिसमें 69385 विद्यार्थी सफल रहे थे। 11 जून से बोर्ड ऐसे विद्यार्थियों से आवेदन मांगे थे, जो अपने परिणाम से खुश नहीं है। दो राउंड में अभी तीन सौ के करीब विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन कर जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड से पुनर्मूल्यांकन और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए आवेदन किया है। अब ये विद्यार्थी उत्तर पुस्तिका को लेकर किसी तरह की आपत्ति को 25 जून तक बोर्ड के संज्ञान में ला सकते हैं। वहीं, पुनर्मूल्यांकन के लिए दो जुलाई तक आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन करने वाले सभी विद्यार्थी जम्मू संभाग के हार्ड और साॅफ्ट जोन से हैं। बोर्ड ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन शुल्क 520 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका रखा है, जबकि प्रति उत्तर पुस्तिका फोटो कॉपी का शुल्क 270 रुपये है। पहले राउंड में 60 विद्यार्थियों को फोटोकॉपी 15 जून को दी गई है, जबकि दूसरे राउंड में 210 विद्यार्थियों को 19 जून को अपनी उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी लेने को कहा गया है, जो उन्हें रिहाड़ी में जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड के कार्यालय से दोपहर एक से तीन बजे तक मिल सकेगी।
10वीं के रिजल्ट की उत्तर पुस्तिका के लिए
भी पांच जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
हाल ही में जारी हुए दसवीं कक्षा के परिणाम के बाद अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त करने या इनका पुनर्मूल्यांकन कराने के इच्छुक विद्यार्थी जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन व उत्तर पुस्तिका की फोटोस्टेट प्रति के ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के लिए लिंक 21 जून को खुलेगा। उत्तर पुस्तिका की फोटोस्टेट प्रति हासिल करने के बाद व पांच जुलाई तक अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते है जबकि पुनर्मूल्यांकन फार्म भरने की अंतिम तिथि 12 जुलाई तक रखी है। पुनर्मूल्यांकन शुल्क 520 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका है जबकि प्रति उत्तर पुस्तिका फोटो कॉपी का शुल्क 270 रुपये है।