- इसी माह तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं बोर्ड के पैटर्न पर स्कूलों को करवाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा विभाग साॅफ्ट जोन की परीक्षाएं अगले साल फरवरी-मार्च और हार्ड जोन की मार्च-अप्रैल तक करवाने की तैयारी कर रहा है। इस अवधि में परीक्षाएं पूरी हों, इसके लिए विभाग ने निजी व सरकारी स्कूलों को नवंबर तक अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि समय रहते पाठ्यक्रम पूरा हो सके।
एक सामान शैक्षणिक कैलेंडर के तहत पिछले वर्ष से जम्मू और कश्मीर संभाग के स्कूलों को हार्ड और साॅफ्ट जोन में बांटा गया है, जिसके आधार पर परीक्षाएं ली जा रही हैं। 2023-24 शैक्षणिक सत्र में साॅफ्ट जोन में बोर्ड और नॉन बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी-मार्च तक होंगी। ऐसे में स्कूलों के पास पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए चार महीने का ही समय है। बोर्ड परीक्षाओं से पहले नॉन बोर्ड कक्षाओं की परीक्षाएं करवाई जाएंगी, ताकि अप्रैल-मई तक उनका शैक्षणिक सत्र शुरू हो सके। स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूलों को विशेषकर 9वीं से 12वीं कक्षा की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को बोर्ड परीक्षा के पैटर्न पर करवाने के लिए कहा है। जम्मू जिले की बात करें तो स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं और मध्य नवंबर तक सभी स्कूलों में पूरी हों जाएगी। जोनल शिक्षा अधिकारी जम्मू सूरज सिंह ने कहा कि नौवीं से 12वीं कक्षाओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का पैटर्न बोर्ड की तरह ही है, ताकि बच्चों पर बोर्ड परीक्षा का अनावश्यक दबाव न हो।