सरकारी एवं निजी कॉलेजों में पहले राउंड में खाली रह गई सीटों के लिए प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश के विभिन्न सरकारी एवं निजी कॉलेजों में नीट यूजी एमबीबीएस और बीडीएस सीटों पर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग का दूसरा दौर वीरवार से शुरू हो गया। काउंसिलिंग 14 सितंबर तक चलेगी। इच्छुक छात्र नियत तिथि मध्य रात्रि तक च्वाइस भर सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जाम (जेकेबीओपीईई) की ओर से यह काउंसिलिंग एमबीबीएस और बीडीएस की पहले दौर में खाली रह गई सीटों के लिए हो रही है। इनमें ज्यादातर सीटें ऐसी हैं जिन पर या तो अभ्यर्थी ने ज्वाइन नहीं किया या फिर ज्वाइन करने के बाद छोड़ दिया।
जेकेबीओपीईई के परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरविंदर राज वर्मा के अनुसार काउंसिलिंग की फीस डेढ़ हजार रुपये रखी गई है। सीट अपग्रेडेशन के इच्छुक छात्र भी काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.jkbopee.gov.in से ली जा सकती है।
ये अभ्यर्थी दूसरे दौर की काउंसिलिंग में भाग लेने के पात्र
-जिन्हें काउंसिलिंग के पहले दौर में कोई सीट नहीं मिली।
-जिनको पहले चरण के दौरान सीट आवंटित की गई थी और उन्होंने कॉलेज/संस्थान में प्रवेश ले लिया लेकिन अब सीट अपग्रेड करना चाहते हैं।
-वे अभ्यर्थी, जिन्हें सीट आवंटित तो हुई लेकिन वे अपर्याप्त/अमान्य दस्तावेज, शुल्क जमा न करना, प्रवेश के लिए रिपोर्ट न करना जैसी वजहों से प्रवेश नहीं ले सके।
-नीट यूजी उत्तीर्ण वे अभ्यर्थी जिन्होंने रजिस्ट्रेशन तो कराया, लेकिन पहले राउंड की काउंसिलिंग में शामिल नहीं हो सके।
-
ओपन कैटेगरी की सीट इसी श्रेणी के अभ्यर्थी को
ओपन कैटेगरी की खाली रह गई सीट इसी श्रेणी के अभ्यर्थी को आवंटित की जाएगी। रिजर्व कैटेगरी की खाली रह गई सीट उसी आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थी को आवंटित की जाएगी जिनके नाम प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में शामिल हैं, वे सीट अपग्रेडेशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।