जम्मू। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जम्मू में सोमवार से नीति आयोग की तीसरी बैठक होने जा रही है। दो दिवसीय बैठक में ईज ऑफ डूइंग रिसर्च एंड डेवलपमेंट (शोध व अनुसंधान) को आसान बनाने पर चर्चा होगी।
आईआईटी जम्मू के मीडिया को-ऑर्डिनेटर प्रस्तुत के अनुसार, कार्यक्रम संस्थान के जगती स्थित कैंपस में होगा। बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शिरकत करेंगे। देश भर के शोध संस्थानों से विशेषज्ञ शामिल होंगे। उधर, भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के जगती स्थित परिसर में भी सोमवार से नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का ओरिएंटेशन प्रोग्राम शुरू होने जा रहा है।
संस्थान के पीआरओ शालीन के मुताबिक पांच दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भी पहले दिन बतौर मुख्य अतिथि डॉ. जितेंद्र सिंह हिस्सा लेंगे। वह नवनिर्मित छात्रावास परिसर का उद्घाटन करेंगे। समापन समारोह में एलजी मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि होंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता आईआईएम जम्मू के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. मिलिंद कांबले करेंगे। निदेशक प्रो. बीएस सहाय, आईआईटी जम्मू के निदेशक प्रो. मनोज सिंह गौड़, एम्स के निदेशक प्रो. शक्ति गुप्ता, जेएंडके बैंक के एमडी अमिताभ चटर्जी आदि के शामिल होने की उम्मीद है। ब्यूरो