- एलओसी से सटे दावर गुरेज में एनसीसी बटालियान-3 ने लगाया प्रशिक्षण शिविर
- 345 कैडेटों ने लिया मानचित्र पढ़ने, ड्रिल और हथियार चलाने का प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरेज। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) बटालियन-3 जम्मू-कश्मीर ने बारामुला, बांदीपोरा जिले के एलओसी से सटे दावर गुरेज सेक्टर में प्रशिक्षण शिविर लगाया। इसमें उत्तरी कश्मीर के सुदूर सीमावर्ती क्षेत्रों उड़ी, कुपवाड़ा, हंदवाड़ा, सोपोर, पट्टन, बांदीपोरा, माछिल, तंगधार और बारामुला से 345 कैडेटों ने भाग लिया। शिविर में कैडेटों को देशभक्ति के साथ नेतृत्व और अनुशासन के गुर सिखाए गए। साथ ही ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, मानचित्र पढ़ना, रेडियो टेलीफोनी सहित अन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।इसके साथ ही कैडेटों ने वाद-विवाद, चित्रकला, वॉलीबाल प्रतियोगिताओं में भी दमखम दिखाया। श्रीनगर एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर दीपक साजनहार ने शनिवार को शिविर में पहुंचकर कैडेटों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कैडेटों से एक प्रभावशाली गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इसके बाद कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एमएस कुमार से औपचारिक वार्तालाप की। उन्होंने प्रशिक्षण क्षेत्र का दौरा कर प्रशिक्षकों व एनसीसी अधिकारियों द्वारा आयोजित व्यावहारिक कक्षाओं का अवलोकन किया। कैडेटों को संबोधित करते हुए कमांडर ने एनसीसी में शामिल होने के फायदों पर जोर दिया और इससे जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण स्टाफ से भी बातचीत की और कश्मीर के युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए उनकी दृढ़ता और समर्पण की सराहना की। एनसीसी कैंप राष्ट्र निर्माण और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और नए महत्वाकांक्षी भारत के पथप्रदर्शक बनने के लिए सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।