जम्मू। कोरोना संकट में विद्यार्थियों की पढ़ाई संबंधी दिक्कतें दूर करने के लिए शिक्षा विभाग लगातार प्रयासरत है। वहीं इसी बीच केंद्र सरकार ने नई पहल के तहत विद्यादान पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने लांच किया है।
यह प्रोग्राम ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर है। निदेशालक स्कूल शिक्षा विभाग अनुराधा गुप्ता ने शिक्षकों से इस प्लेटफॉर्म पर विद्या का दान करने की अपील की है। इस पोर्टल पर पाठ्य सामग्री डाली जाएगी। इसके जरिये हर तरह की पाठ्य सामग्री विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा सकेगी, ताकि उन्हें पढ़ाई में किसी तरह का कोई नुकसान न हो। विद्यादान ई-लर्निंग सामग्री को विकसित करने और उसमें योगदान करने के लिए एक सामान्य राष्ट्रीय कार्यक्रम है और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का एक मौका है।
28 अगस्त तक कर सकते हैं रजिस्टर
निदेशालय स्कूल शिक्षा विभाग जम्मू की निदेशक अनुराधा गुप्ता ने शिक्षकों से ई-लर्निंग का कंटेंट बनाकर विद्यादान प्लेटफॉर्म पर शेयर करने को कहा है। ये कंटेंट वीडियो, एनिमेशन, टीचिंग लेसन, असेस्मेंट, क्वेश्चन बैंक, आदी किसी भी फॉर्मेट में हो सकता है। इस प्लेटफार्म पर नर्सरी से लेकर पीएचडी तक.. किसी भी स्तर के लिए, किसी भी भाषा में, किसी भी फॉर्मेट में कंटेंट तैयार कर डाला जा सकता है। इस पर कोई भी अपना लॉग-इन बनाकर कंटेंट भेज सकता है, जिसके लिए वह 28 अगस्त तक खुद को रजिस्टर कर सकते हैं।