खेल का मैदान हो या बोर्ड परीक्षा की चुनौतियां प्रदेश की बेटियां हर स्थान पर अपनी मेहनत और लगन के बल पर परचम फहरा रही हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने सोमवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी किया। परिणाम में प्रदेश की राष्ट्र स्तरीय जिमनास्ट और खेलो इंडिया में लगातार तीन बार पदक जीतने वाली बवलीन कौर ने 96 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा की मिसाल पेश की है।
यह भी पढ़ेंः पर्यटकों के लिए कल से खुलेंगे जम्मू-कश्मीर के द्वार, बेहद खूबसूरत हैं घाटी के ये स्थान
जम्मू-कश्मीर के साथ राष्ट्रीय जिम्नास्टिक जगत में बवलीन कौर बड़ा नाम हैं। छोड़ी सी आयु में बवलीन ने जिम्नास्टिक में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं। खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बवलीन कला संकाय में 96 प्रतिशत अंक हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनीं हैं। बवलीन प्रदेश की एक मात्र ऐसी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने लगातार तीन बार खेलो इंडिया 2018, 2019 और 2020 में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
प्रतियोगिता में आने के बाद हर विषय को पूरा समय दिया
बवलीन अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में सक्रिय रहने के साथ पढ़ाई पर भी बराबर ध्यान देना चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए कई सप्ताह पढ़ाई से दूर रहना पड़ता था। हालांकि प्रतियोगिता से वापस लौटने के बाद पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित होता था। इसके साथ ही हर विषय को बराबर समय और तवज्जो देकर सफलता प्राप्त हुई है।