जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में यूजी छठे सेमेस्टर की लंबित परीक्षाओं के लिए 28, 29 अगस्त को डेटशीट जारी की जाएगी। सितंबर के पहले सप्ताह में ऑनलाइन मोड से परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कोरोना के कारण लंबित परीक्षाएं करवाने की विवि तैयारी कर रहा है। परीक्षाओ को लेकर एवीबीपी ने मंगलवार को परीक्षा नियंत्रक प्रो. जसबीर सिंह को ज्ञापन भी सौंपा है। परीक्षा प्रक्रिया में देरी होने से छात्र पीजी में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। इस कारण से पीजी सत्र देरी से शुरू होगा। पहले पीजी प्रवेश के लिए जम्मू यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेंस्ट का आयोजन करती थी, लेकिन महामारी के चलते स्नातक की मैरिट के आधार पर ही पीजी में प्रवेश दिया जा रहा है। जम्मू विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जसबीर सिंह ने बताया कि सितंबर के पहले सप्ताह से विवि ने परीक्षा करवाने का निर्णय लिया है। 20 अगस्त तक नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। ताकि, छात्र पीजी पहले सेमेस्टर में जल्द प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। उन्होंने बताया कि महामारी के चलते परीक्षा लेने में देरी हो गई है।