शिक्षा विभाग में ट्रांसफर के बाद कई मास्टर, टीचर और लेक्चरर ग्रेड के शिक्षकों ने नए स्कूलों में ज्वाइन नहीं किया है। जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करके इन शिक्षकों की सूची तैयार करने के आदेश सभी जिलों के सीईओ को जारी किए हैं। शिक्षा विभाग इन शिक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी में हैं।
करीब तीन सप्ताह पहले कश्मीर संभाग और जम्मू संभाग के विंटर सेशन स्कूलों में सर्दियों की दो महीने की छुट्टियां घोषित हुईं।
इनके घोषित होने के साथ ही शिक्षा विभाग में नई पालिसी के तहत ट्रांसफरों का सिलसिला भी शुरू हुआ था। तीन सप्ताह के अंदर जम्मू संभाग में सैकड़ों की संख्या में टीचर, मास्टर, लेक्चरर ग्रेड के शिक्षकों की ट्रांसफर हुई थीं।
इसके अलावा कई हेडमास्टर की ट्रांसफर भी की गई थी। शिक्षकों को दूरदराज ग्रामीण इलाकों में स्थित सरकारी स्कूलों में ट्रांसफर किया था।
ट्रांसफर होने के बावजूद अभी तक कई शिक्षकों ने नए स्कूलों में ज्वाइन नहीं किया है। इसी को लेकर शिक्षा निदेशक जम्मू ने आदेश जारी करके सभी जम्मू संभाग के सभी जिलों के चीफ एजूकेशन अफसर से ज्वाइन न करने वाले शिक्षकों की सूची तैयार करने को कहा है। इन शिक्षकों पर कार्रवाई के आदेश जारी हो सकते हैं।