जम्मू। जम्मू-कश्मीर पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) की भर्ती परीक्षा स्थिति साफ होने पर रविवार 11 दिसंबर से ऑनलाइन (सीबीटी) मोड में दोबारा शुरू होगी। 20 दिसंबर तक यह परीक्षा चलेगी। सात और आठ दिसंबर को ली गई परीक्षा की तर्ज पर दो चरणों में पेपर निर्धारित समय पर लिया जाएगा। प्रवेशपत्र पर दिए गए सभी निर्देशों का पालन करते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में भेजा जाएगा।
वहीं नौ दिसंबर को स्थगित हुई परीक्षा अब 20 दिसंबर को ली जाएगी। इसके लिए 13 से 17 दिसंबर तक अभ्यर्थी प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। ज्ञात हो कि गृह विभाग में 1200 पद भरने के लिए जेकेएसएसबी सीबीटी मोड से परीक्षा ले रहा है। सात दिसंबर से परीक्षा शुरू हुई थी, लेकिन कोर्ट ने भर्ती परीक्षा पर रोक के आदेश जारी कर दिए, जिसे लेकर एसएसबी ने आठ दिसंबर देर शाम को बोर्ड की ओर से नौ दिसंबर की परीक्षा स्थगित करने की अधिसूचना जारी कर दी थी।