जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय के अधीन 150 से अधिक कॉलेजों के छात्रों ने यूजी छठे सेमेस्टर की परीक्षा दी है, लेकिन परिणाम जारी नहीं होने से पीजी में दाखिला प्रक्रिया भी शुरू नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही सत्र शुरू होने में भी देरी हो रही है। हलांकि, छात्रों ने दाखिले के लिए जम्मू विश्वविद्यालय लिखित परीक्षा भी दी है। उसका परिणाम भी अभी आ गया है।
छात्र रमणीक, सुरेंद्र, सन्नी, सोनिका, नितू, रजनी सहित अन्य ने कहा कि उन्होंने छठे सेमेस्टर की परीक्षा और एंट्रेंस टेस्ट दिया था। एंट्रेंस टेस्ट का परिणाम तो जारी कर दिया गया है, लेकिन छठे सेमेस्टर के नतीजे अभी तक घोषित नहीं किए गए। पीजी पहले सेमेस्टर के दाखिले पूरे होने में भी समय लगेगा। इससे जाहिर है कि पीजी की डिग्री देरी में देरी होगी, जबकि दो साल पहले सभी विश्वविद्यालयों में पीजी का सत्र एक साथ शुरू हो जाता था। अब छात्रों का आरोप है कि विवि प्रबंधन कोरोना का बहाना बना रहा है। छात्राओं के अनुसार विश्वविद्यालय को पहले छठे सेमेस्टर के नतीजे जारी करने चाहिए थे, जो छात्र पास होते तो उन्हें ही लिखित परीक्षा में भाग लेने का मौका देना चाहिए था। छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक से जल्द नतीजे जारी करने की मांग की है।