जम्मू। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ अब जीवन कौशल के महत्व को समझेंगे। इसके लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने भारती फाउंडेशन के साथ मिलकर छात्रों के जीवन कौशल विकास पर कार्यक्रम शुरू किया है। इसका उद्देश्य स्कूलों में होने वाली गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का कौशल विकास करना है। इसके लिए शिक्षकों को 22 से 30 अगस्त तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सोमवार को शिक्षक भवन जम्मू में कार्यक्रम हुआ। इसमें स्कूल शिक्षा निदेशक जम्मू डॉ. रविशंकर शर्मा और चीफ स्कूल एक्सीलेंस भारती फाउंडेशन एंटनी एनजे मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली गतिविधियों से छात्रों में जीवन कौशल और समझ को विकसित करना है। पहले चरण में ये कार्यक्रम हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में शुरू होंगे। इसके बाद मिडिल स्कूलों में इसे लागू किया जाएगा। स्कूल प्रमुख और शिक्षकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे दैनिक गतिविधियों में जीवन कौशल दृष्टिकोण को अपनाने और एकीकृत करने के लिए सक्षम हों।
स्कूल शिक्षा निदेशक डॉ. रवि शंकर शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों में समस्या समाधान, सहयोग, भावनाओं का प्रबंधन, रचनात्मक सोच का निर्माण किया जाएगा। स्कूलों में हाउस सिस्टम मजबूत करने से छात्रों के बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा होगी, जिससे जीवन कौशल का विकास होगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय के हैड काउंसलिंग सेल डॉ. रमेश कुमार को इस कार्यक्रम का नोडल अफसर बनाया है। मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी जम्मू सूरज सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे।