ज्यौड़ियां। शिक्षा जोन खौड़ के अधीन के मिडिल स्कूल मट्टू के परिसर में जमा बारिश का पानी बच्चों और स्कूल स्टाफ के लिए परेशानी का सबब बना है। स्कूल में जमा पानी से बदबू और गंदगी के आलम से स्कूल के छात्रों को बीमारी लगने भय बना हुआ है। अभिभावकों ने स्कूल में बच्चों को भेजना बंद कर दिया है।
बता दें कि पानी से स्कूल में गंदगी का आलम है। स्कूल परिसर में जमा बारिश के पानी से कक्षाओं तक स्कूल स्टाफ तथा बच्चों का पहुंचना मुश्किल है। स्थानीय लोगों की तरफ से इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन तथा खौड़ प्रशासन को दी गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर ने स्कूल का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया था। उन्होंने लोगों को जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन पानी निकासी के लिए अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।