बिलावर। असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयदशमी का पर्व बुधवार को बिलावर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शंकर रामलीला क्लब की ओर से बिल्केश्वर महादेव मंदिर के पास मैदान में शाम साढ़े पांच बजे 20 फुट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं और कारीगर पुतलों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मंगलवार को इन सभी पुतलों को कारीगर अंतिम रूप देने में जुटे रहे। शंकर रामलीला क्लब के प्रधान सुभाष चौधरी ने बताया के दशहरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिल्केश्वर महादेव मंदिर के पास मैदान में शाम साढ़े पांच बजे पुतलों का दहन होगा। उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन के दौरान प्रभु श्री राम रावण का वध करेंगे, जिसके बाद भगवान श्री राम का राज्याभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही रामलीला का समापन होगा।