कटड़ा में नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आना जारी है। नवरात्र के शुरुआती चार दिनों में ही पौने दो लाख से अधिक श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगा चुके हैं। पहले तीन दिनों में आंकड़ा एक लाख 40 हजार से ऊपर था। बुधवार को चौथे दिन रात दस बजे तक 42 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। यात्रा मार्ग से भवन परिसर और भैरव घाटी तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालुओं की भारी आमद के चलते पंजीकरण केंद्रों, दर्शनी ड्योढ़ी पर सुरक्षा जांच और भवन में दर्शन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। कई स्थानों पर भक्तों को देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद उत्साह में कोई कमी नहीं है। 'जय माता दी' के जयकारों के साथ श्रद्धालु पूरे जोश और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। गुफा और बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए भी लंबी कतारें लग रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार, पहले नवरात्र पर 47,500, दूसरे नवरात्र पर 48,300 और तीसरे नवरात्र पर 46,500 श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई थी। चौथे नवरात्र पर लगभग 42,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले इस बार शारदीय नवरात्र के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या अधिक दर्ज की गई है।
यात्रा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर कड़ी निगरानी
श्रद्धालुओं की इस भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बल और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड पूरी तरह सतर्क हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी यात्रा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं, ताकि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।