अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। क्राइम ब्रांच जम्मू ने फर्जी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट से नौकरी लेने के मामले में आरोप पत्र दायर कर दिया है। आरएस पुरा के गांव सुंदरपुर के रहने वाले मुख्तियार अहमद ने सर्टिफिकेट लेकर 1979 में पीडीडी में नौकरी ली थी। गांव के ही रहने वाले सरफराज अहमद ने क्राइम ब्रांच के पास शिकायत दर्ज कराई थी। सरफराज ने शिकायत में बताया कि जो सर्टिफिकेट मुख्तियार ने नौकरी के लिए दिया था वह हकीकत में नाजिया बानो के नाम का था। कहा कि सर्टिफिकेट लेने में मुख्तियार के पिता बशीर ने मदद की। शिकायत मिलने के बाद जब क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच की तो पता चला कि हकीकत में ही ऐसा हुआ है। क्राइम ब्रांच ने जम्मू-कश्मीर के संबंधित स्कूल और बिजली विकास विभाग से प्रासंगिक रिकॉर्ड लिया। आरोपी के खिलाफ अन्य सबूत जमा किए। सामने आया कि आरोपियों ने सरकारी खजाने में सेंध लगाई है। बता दें मुख्तियार इस समय जम्मू के राजीव नगर में रहता है। अब मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।