सरकार को लगातार दूसरे दिन भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। विधान परिषद के बाद वीरवार को विधानसभा में भी मंत्री के मौजूद न रहने पर सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विधानसभा में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की डिमांड ग्रांट पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान पीपुल्स कांफ्रेंस के बशीर डार बोल रहे थे, तभी सदन में मौजूद उद्योग मंत्री चंद्रप्रकाश गंगा बाहर निकल गए। इसी बीच विपक्ष की ओर से सदन में मंत्री की मौजूदगी न होने की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया।
पीठासीन अध्यक्ष डिप्टी स्पीकर ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि ग्रांट पर जब चर्चा चल रही हो तो कैबिनेट तथा राज्य मंत्री दोनों की मौजूदगी न होना गंभीर बात है। जब वह चर्चा ही नहीं सुनेंगे तो जवाब क्या देंगे। सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है।
इसके बाद उन्होंने 10 मिनट के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी। 10 मिनट बाद कार्यवाही शुरू होने से पहले उद्योग राज्य मंत्री फारूक अंद्राबी भी सदन में पहुंच गए।