निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह के साथ गिरफ्तार हिजबुल कमांडर सैय्यद नवीद मुश्ताक अहमद उर्फ नवीद बाबा कश्मीर के एक पूर्व निर्दलीय विधायक के संपर्क में भी था। भंग विधानसभा में तीन निर्दलीय विधायक थे। एनआईए की हिरासत में चल रहे नवीद ने पूछताछ में कई राज उगले हैं। यह भी पता चला है कि पिछले साल भी दविंदर ने नवीद को जम्मू लाने और शोपियां लौटाने में मदद की थी।
एनआईए अधिकारियों की पूछताछ में नवीद ने दावा किया है कि उत्तरी कश्मीर में आतंकवादियों का मजबूत ठिकाना बनाने के लिए वह पूर्व विधायक के नियमित संपर्क में था और छिपने के संभावित इलाके की तलाश कर रहा था। नवीद ने भंग विधानसभा के निर्दलीय विधायक सहित अपने और भी संपर्कों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 23 जनवरी को नवीद के भाई सैयद इरफान अहमद को पंजाब से लाने के बाद गिरफ्तार किया गया। वह लगातार उसके संपर्क में था और कश्मीर में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए चंडीगढ़ में रहने की व्यवस्था करने के लिए कहा था। वह पुलिस से बचने के लिए पहाड़ी इलाकों में रहता था और सर्दी से बचने के लिए इलाके को छोड़ देता था।