हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकियों के साथ पकड़े गए निलंबित डीएसपी दविंदर सिंह पर शिकंजा कसता जा रहा है। एएनआई के मुताबिक बुधवार को दविंदर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) पूछताछ के लिए जम्मू लेकर आई।
बता दें कि हिजबुल कमांडर नवीब बाबू समेत तीन आतंकियों के साथ गिरफ्तार डीएसपी दविंदर सिंह से अब डीजीपी मेडल तथा प्रमाणपत्र भी वापस ले लिया गया है। सोमवार को डीजीपी दिलबाग सिंह ने इस आशय का आदेश जारी किया। 31 दिसंबर 1998 को उसे यह मेडल दिया गया था। इससे पहले गत बुधवार को 2018 में दिया गया बहादुरी पुरस्कार वापस ले लिया गया था। इस बीच निलंबित डीएसपी से एनआईए की पूछताछ जारी है। नवीद बाबू कई खुलासे भी कर चुका है। उसकी निशानदेही पर कई जगह छापा मारा जा रहा है। फि लहाल एनआईए इन सभी से यहीं पूछताछ करेगी। अगले सप्ताह इन्हें दिल्ली ले जाया जा सकता है। एनआईए ने डीएसपी के बांग्लादेश दौरे को भी जांच के दायरे में ले लिया है।
डीजीपी दिलबाग सिंह ने पत्रकारों को बताया कि डीएसपी एनआईए की कस्टडी में है। इसलिए इस पर ज्यादा नहीं बताया जा सकता है। एजेंसी पूछताछ में सामने आई बातों के आधार पर जांच कर रही है। बताया, डीएसपी के साथ गिरफ्तार नवीद बाबू की निशानदेही पर पांच ऑपरेशन चलाए गए। इसमें दो आतंकी ठिकानों से भारी मात्रा में बरामदगी हुई है।
डीएसपी के बांग्लादेश और उस दौरान उसके अकाउंट में हुई ट्रांजेक्शन पर उन्होंने कहा कि उसकी बच्चियां बांग्लादेश में पढ़ रही हैं। उसका वहां आना-जाना इसी सिलसिले तक था या नहीं? इसकी जांच चल रही है। पैसों के ट्रांजेक्शन के पहलू पर भी जांच एजेंसी गौर करेगी। दविंदर पिछले साल मार्च, मई और जुलाई में तीन बार 2-3 दिन के लिए बांग्लादेश गया था। इससे उसके आईएसआई के संपर्क में आने का शक जताया जा रहा है।