डीएसपी देविंदर सिंह का घर, इनसेट में डीएसपी की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
हिजबुल कमांडर नवीद बाबू के साथ पकड़े गए डीएसपी देविंदर सिंह को सोमवार को निलंबित कर दिया गया है। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे के बाद दूसरी बार उसके घर की तलाशी ली गई। पता चला कि उसने तीन आतंकियों को अपने घर ठहराया था। उसका घर बादामीबाग स्थित सेना की 15वीं कोर मुख्यालय के बगल में है। इसके साथ ही श्रीनगर एयरपोर्ट स्थित उसके कार्यालय को भी सील कर दिया गया है, जहां वह एंटी हाइजैकिंग स्कवॉड में तैनात था।
पूछताछ में पता चला है कि हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर नवीद बाबू तथा अल्ताफ को लेकर शुक्रवार को वकील इरफान डीएसपी के घर पहुंचा था। इरफान आतंकी संगठनों के लिए ओजीडब्ल्यू के तौर पर काम करता है। मीर बाजार इलाके में आतंकियों के साथ पकड़े जाने के दिन डीएसपी ड्यूटी से गैरहाजिर था।
उसने रविवार से गुरुवार तक छुट्टी ले रखी थी। पकड़े जाने के बाद जब उसके घर की तलाशी ली गई तो एक एके-47 राइफल, दो पिस्टल तथा गोला-बारूद बरामद किया गया था। माना जा रहा है कि 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस हिरासत में रहने के कारण उसे निलंबित किया गया है।