सोपोर। पुलिस ने शनिवार को वागुब क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग अभियान के दौरान ड्रग तस्करी के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रफियाबाद के हादीपोरा निवासी फारूक अहमद भट के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ श्रीणी की दवा बरामद की। पुलिस स्टेशन तारजू में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में यह दूसरी गिरफ्तारी है। पुलिस ने शुक्रवार को चनकन सोपोर में जुबैर अहमद फफू, निवासी नौहमन को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन
पुलवामा में भी तस्कर गिरफ्तार
पुलवामा पुलिस ने भी एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस स्टेशन राजपोरा की एक नाका पार्टी ने शनिवार को जांच के दौरान ड्रग तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग चार किलो 100 ग्राम नशीला पदार्थ और 3 बोतल शराब बरामद की गई। आरोपी की पहचान शाहिद अहमद मगरे निवासी राजपोरा के रूप में हुई है। उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में पुलिस स्टेशन राजपोरा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 और आबकारी अधिनियम की धारा 50 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।