-मास्टरमाइंड अमृतपाल सिंह तरनतारन का रहने वाला, तस्करी के लिए नया मोबाइल खरीदा, अब बंद आ रहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बस स्टैंड से बरामद करोड़ों की हेरोइन मामले में पुलिस ने पंजाब समेत कई जगहों पर रविवार को छापेमारी की। आरोपी सरताज सिंह के अमृतसर स्थित ठिकानों पर दबिश दी गई। जांच में ये भी सामने आया है कि सरताज सिंह के साथ पंजाब के तरनतारन के रहने वाले अमृतपाल सिंह और आकाश सिंह भी थे।
ये दोनों बस स्टैंड से तब भाग गए थे जब पुलिस ने सरताज को गिरफ्तार किया। जांच में ये भी पता है कि तस्करी को अंजाम देने के लिए नए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया गया। इस पूरी तस्करी का मास्टरमाइंड अमृतपाल सिंह है। अमृतपाल ने नए मोबाइल खरीदे। जैसे ही सरताज सिंह पकड़ा गया तो उसने इस मोबाइल फोन को बंद कर दिया। पुलिस को पता चला कि जिस सिम कार्ड का इस्तेमाल कर अमृतपाल सरताज और आकाश से बात कर रहा था। उस मोबाइल में सिर्फ एक ही बार सिमकार्ड इस्तेमाल हुआ।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों लोग अखनूर के ज्यौड़ियां इलाके में गए थे जहां एक खुले खेत से हेरोइन का बैग उठाया। अखनूर से तीनों ई-बस में बैठ कर जम्मू पहुंचे। लेकिन पुलिस को सूचना मिलने पर जब पुलिस ने बस स्टैंड से सरताज को पकड़ा तो बाकी के दो मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस को इस मामले में कुछ अन्य जानकारियां भी मिली हैं। सूत्रों का कहना है कि सरताज सिंह के दोनों साथी फिलहाल जम्मू से फरार हो गए हैं। अमृतपाल के अलावा आकाश का मोबाइल भी बंद आ रहा है।