-बड़ी आतंकी साजिश विफल, पिस्टल, दो मैगजीन और 37 गोलियां मिलीं
- बूढ़ा अमरनाथ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस में खलल डालने साजिश विफल
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी/नौशेरा। सुरक्षा बलों ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से आए एक ड्रोन से गिराए गए हथियार बरामद कर शुक्रवार को एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। सुरक्षाबलों ने एक पिस्तौल, दो मैगजीन व 37 गोलियां बरामद की हैं। इलाके में कुछ और हथियार और विस्फोटक गिराए जाने की आशंका के चलते सुरक्षाबल सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
ऐसी आशंका है कि आतंकी आतंकी राजोरी में बूढ़ा अमरनाथ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस पर अशांति फैलान की साजिश रच रहे हैं। बताया जाता है कि नौशेरा के भवानी सेक्टर में वीरवार व शुक्रवार की मध्यरात्रि पर नियंत्रण रेखा के पास सेहर गांव में एक ड्रोन (क्वाडकॉप्टर) की हरकत दिखाई दी। सुरक्षाबलों की फायरिंग के बाद ड्रोन गायब हो गया। शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान एक पिस्तौल, दो भरी हुई मैगजीन और पिस्तौल की 37 गोलियां बरामद की गईं।