- आरोपी मोहम्मद लियाकत एक साल से अधिक समय से चल रहा फरार
-20 किलो हेरोइन और दस किलो आईईडी हुई थी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने शुक्रवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे गांव खड़ी करमाडा में नशा तस्कर की 1.09 कनाल जमीन जब्त की है। आरोपी मोहम्मद लियाकत एक साल से अधिक समय से फरार है।
एसआईए ने यह कार्रवाई सत्र न्यायालय पुंछ के आदेश पर की है। इस मामले में सीआरपीसी की धारा 83 के तहत जम्मू में एफआईआर दर्ज थी। गौरतलब है कि पिछले साल 31 मई को करमाडा में तैनात सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम बनाने के लिए गोलीबारी की थी। गोलीबारी में सेना का जवान और एक घुसपैठिया घायल हो गया था। सेना व एसओजी ने घुसपैठ का प्रयास कर रहे घायल सहित तीन घुसपैठियों को गिरफ्तार किया था। एक घुसपैठिया भाग गया था। पकड़े गए घुसपैठिए करमाडा के ही रहने वाले थे। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार, 20 किलो हेरोइन और 10 किलो आईईडी बरामद हुई थी। बाद में इस मामले में एसआई ने जांच शुरू की तो कुल 8 आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें से पुलिस ने जिले के साथ ही हिमाचल व दिल्ली से तीन और नशा तस्करों को पकड़ कर जेल पहुंचाया। दो आरोपी लियाकत हुसैन निवासी खड़ी करमाडा और मोहम्मद अरशद निवासी गिवार तेड़वां फरार चल रहे हैं। इसके चलते लियाकत के खिलाफ संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है। अरशद के खिलाफ अभी कार्रवाई बाकी है। तहसीलदार हवेली अजहर मजीद ने कहा, कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के तहत की की गई है।