वहीं 26 जनवरी से पूर्व घाटी में विशेष तौर पर दक्षिणी कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशनों में तेजी आई है। वर्ष 2020 की शुरुआत में ही आधा दर्जन के करीब ऑपरेशनों के दौरान 8 आतंकियों को मार गिराया गया है। लगातार आतंकियों की हरकत को ट्रैक किया जा रहा है और उस आधार पर कई इलाकों में तलाशी अभियान भी चलाये जा रहे हैं।
बुधवार को भी बारामुला जिले के हाजिबल जंगल क्षेत्र में एक इनपुट के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना की 4 पैरा, 46 आरआर और 53 सीआरपीएफ के जवानों द्वारा एक सांझा ऑपरेशन चलाया गया। जबकि श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र के नौगाम, वाथोरा, क्रालपुरा, कलन, कोठीपुरा आदि इलाके में आतंकियों के मूवमेंट के इनपुट पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। लेकिन इन दोनों जगह कुछ हाथ न लगने पर ऑपरेशन स्थगित करने पड़े।
डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा कि घाटी में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज हुए हैं। इसके चलते दक्षिणी कश्मीर में काफी हलचल है। उन्होंने बताया कि अभी तक आधा दर्जन से ज्यादा कामयाब ऑपरेशन हो चुके हैं। आगे भी ऑपरेशन इसी तरीके से जारी रहेंगे। दिलबाग सिंह ने कहा कि हम अपने अवाम के लिए और जम्मू कश्मीर में अमन की बहाली के लिए और मजबूती से काम करते रहेंगे।