सांबा। जम्मू एयरपोर्ट में धमाके और अगले दिन कालू चक मिलिट्री स्टेशन पर ड्रोन देखे जाने से सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खडे़ हो गए हैं। वहीं सांबा सैन्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। क्षेत्र में गुजरने वाले लोगों की भी जांच की जा रही है।
रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अब नई-नई चालें चल रही है। उसके लिए भारत-पाकिस्तान सीमा से घुसपैठ कर पाना काफी मुश्किल हो गया है। इसके चलते अब नई-नई कोशिशें की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पहले सीमा पार से हथियार भेजने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन अब ड्रोन की मदद से सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ कर पाना नामुमकिन है। वहीं सीमा से सांबा क्षेत्र की दूरी भी कम है। जबकि ड्रोन काफी ऊंचाई पर होने से आवाज भी कम ही सुनाई देती है। इसके चलते सेना अधिक सतर्कता बरत रही है। ड्रोन हमलों के चलते सांबा क्षेत्र में सैनिक ठिकानों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। क्षेत्र में सेना के जवानों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने को कहा गया है। उधर भारत-पाकिस्तान सीमा पर भी बीएसएफ कड़ी चौकसी रखे हुए है। पाकिस्तानी रेंजरों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।