जम्मू। शहर में नालों की सफाई का काम फरवरी से शुरू किया जाएगा। इस बार 10 करोड़ से ज्यादा राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए तमाम औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है। नगर निगम के अनुसार समय पर सफाई का काम शुरू होने से बरसात से पहले काम खत्म किया जाएगा।
नगर निगम की ओर से हर साल नालों की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन बरसात में हालात फिर से बद्तर हो जाते हैं। मौजूदा समय में नालों में मलबा ज्यादा भर चुका है। इसे निकालकर नालों को साफ किया जाएगा। जिन इलाकों पानी ओवरफ्लो होता है, वहां पर क्रेटबाल लगाई जाएंगी। इससे नालों का पानी ओवरफ्लो होकर घरों में नहीं घुसेगा। बीते साल बरसात के मौसम में पानी लोगों के घरों में जा घुसा था। इससे काफी नुकसान हुआ था। इस बार ऐसे नाले भी चिन्हित किए गए हैं, जहां भूस्खलन का खतरा बना रहता है। बरसात में दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हुए थे।
-----------
चार साल में 300 करोड़ से ज्यादा राशि नालों पर खर्च की
नगर निगम बीते चार साल में नालों के काम पर 300 करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च कर चुका है। यह राशि अमृत योजना के तहत खर्च की गई है। नालों में कचरा न फेंक जाए, इसके लिए लोहे के एंगल भी लगाए गए। बावजूद इसके अभी तक नालों में कचरा भरा पड़ा है। अब समय पर सफाई शुरू होने से नालों से मलबा निकाला जाएगा।
------------
फरवरी माह से जम्मू शहर में नालों की सफाई का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए बजट स्वीकृत है। बरसात से पहले सभी नालों की सफाई करवाई जाएगी। हर बार बरसात के दिनों में नालों से पानी ओवरफ्लो होता है। समस्या का निदान किया जा रहा है।
- अवनी लवासा, आयुक्त नगर निगम