सांबा। जिले की रेईयां पंचायत में 20 दिन से पानी की किल्लत बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार पंजटीला में ट्यूबवेल का पंप खराब हो गया है। विभागीय अधिकारियों को अवगत कराने के उपरांत भी कोई समाधान नहीं हो रहा है।
स्थानीय निवासी विजय सिंह, राजेशवर सिंह, महिला आशा देवी, गृहणी रीटा देवी ने कहा कि 20 दिनों से वह पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। कई लोग निजी तौर पर टैंकर से पानी खरीद रहे हैं। पंप खराब होने से रेईयां पंचायत, खनवाल और पंजटीला के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बाबत जिला प्रशासन को भी अवगत कराया, लेकिन उचित कदम नहीं उठाए जाने पर लोग परेशान हैं।
-----
ट्यूबवेल का पंप टूट गया था, जिस कारण समस्या बनी है, अब पंप की मरम्मत करा दी गई है। कर्मचारियों को पंप फिट करने को कहा है। शीघ्र ही पानी की आपूर्ति को चालू कर दिया जाएगा।
-निर्मल सिंह, एईई, जलशक्ति विभाग, सांबा।
पानी की किल्लत पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सांबा। रख अंब टाली पंचायत में 15 दिन से पानी की किल्लत बनी हुई है। इसको लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
रामनगर के सरपंच कृष्ण लाल, रख अंब टाली के सरपंच विनोद फांगला, प्रमिला देवी, सुष्टा देवी, अशोक और रामपाल ने बताया कि 15 दिन से क्षेत्र में पानी की किल्लत बनी हुई है। जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद भी पानी की आपूर्ति को सुचारु नहीं बनाया गया। इस पर मजबूर होकर स्थानीय लोगों को प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से अपील की है कि वह जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को पानी उपलब्ध कराने के निदेश जारी करें। संवाद