चीन के एक अखबार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर छपे एक लेख को पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने खारिज कर दिया। लेख में लिखा गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अरुणाचल प्रदेश का दौरा नहीं करना चाहिए और भारत सरकार को दलाई लामा को समर्थन देना बंद कर देना चाहिए।
इस पर प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत अपना एजेंडा स्वयं तय करने में सक्षम है। चीन के अखबार में छपे लेख को गंभीरता से लेने की कोई जरूरत नहीं है। जम्मू में भाजपा के महा संपर्क अभियान के आगाज के अवसर पर पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री ने कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देने के दौरान यह बातें कहीं।
'अब वैश्विक शक्ति बन रहा भारत'
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भारत अब उस स्थिति में पहुंच चुका है कि पूरा विश्व भारत को भविष्य की वैश्विक शक्ति के तौर पर मान्यता दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व क्षमता का सुबूत है कि टाइम्स जैसी पत्रिका के प्रथम पृष्ठ पर मोदी हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के चीन के दौरे से दोनों देशों में द्विपक्षीय संबंधों में भी बेहतरी आएगी। उन्होंने कहा कि भारत तमाम पड़ोसी देशों से बेहतर संबंध चाहता है। नेपाल में हाल ही में आए भूकंप में बचाव कार्यों में भारत की मदद से भी पड़ोसियों से मधुर संबंध बनाने की हमारी मंशा साफ हो जाती है।
भारत और पाकिस्तान के मध्य क्रिकेट संबंधों की बहाली पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि दोनों देशों में क्रिकेट संबंधों की बहाली बेहतर माहौल और हालात पर निर्भर करती है।
'पाकिस्तान से चाहतें है दोस्ती'
डा. सिंह ने कहा कि भारत हमेशा से ही पाकिस्तान से मैत्री बढ़ाना चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री समेत सार्क देशों के राष्ट्र अध्यक्षों को बुलाकर इसका संदेश दिया था।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कश्मीरी पंडित विस्थापितों की सम्मान जनक घाटी वापसी के लिए भी मोदी सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में विस्थापितों को विश्वास में लेकर काम किया जाएगा।
आतंकवाद, अलगाववाद का मुकाबला करने में भारत पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों की बहु संख्या वाले तीन राज्यों जम्मू कश्मीर, पंजाब और गोवा में भाजपा की सरकारें हैं और अल्पसंख्यक संतुष्ट हैं।